बुजुर्ग फरियादी की गुहार पर डीएम ने तीन दिन में की कार्रवाई
आदेशों की अवहेलना और फाइल दबाने पर मचा प्रशासनिक भूचाल
लापरवाह कर्मचारियों में हड़कंप, निलंबन और कार्रवाई का डर
वर्षों से दबाई बैठी थी फाइल, डीएम की फटकार के बाद हुई कार्रवाई.
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंची एक फरियाद पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर कानूनगो राहुल देव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कदम वर्ष 2018 से लंबित एक धारा 28 अंतर्गत आदेश के क्रियान्वयन में भारी लापरवाही को लेकर उठाया गया।
2018 से लंबित था नक्शा दुरुस्ती का मामला.
गांधी रोड निवासी बुजुर्ग रविन्द्र सिंह ने जनता दर्शन में जिलाधिकारी को बताया कि वर्ष 2018 में कलक्टर द्वारा उनके पक्ष में आदेश पारित किया गया था, जिसकी अमलदारी आज तक नहीं हो सकी। आदेश की प्रति 2023 में आर-6 में दर्ज कराई गई थी और दिसंबर 2023 में कानूनगो माजरा को प्रेषित भी कर दी गई थी। बावजूद इसके नक्शा दुरूस्ती का कार्य अधूरा पड़ा था।
SDM-तहसीलदार की चेतावनियों के बाद भी नहीं सुधरे कानूनगो.
इस मामले में एसडीएम और तहसीलदार द्वारा कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कानूनगो राहुल देव ने कार्रवाई नहीं की। जिलाधिकारी ने इसे शासकीय आदेशों की खुली अवहेलना माना और तहसीलदार सदर को तत्काल निलंबन की पत्रावली प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
डीएम का स्पष्ट संदेश: “कामकाज सुधारो, वरना कार्रवाई तय.
निलंबन की इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है। अन्य लापरवाह कर्मियों में भी चिंता बढ़ गई है कि अब जिलाधिकारी सख्ती के मूड में हैं। डीएम सविन बंसल ने कहा कि
> “जो भी कर्मचारी कार्य में लापरवाही बरतेगा, उसके विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।”
