रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में स्कूल में हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते एक व्यक्ति की जान ले ली। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर कॉलोनी में सोमवार रात हुई इस वारदात में एक पड़ोसी ने अपने बेटे और पत्नी के साथ मिलकर अजय महेश्वरी नामक व्यक्ति की गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, अजय महेश्वरी के बेटे नैतिक महेश्वरी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 29 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इस दौरान घर के बाहर से गाली-गलौज की आवाजें आने लगीं। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि पड़ोसी अमित शर्मा, उनकी पत्नी और बेटा उनके घर के बाहर खड़े होकर अभद्र भाषा में गालियां दे रहे थे।
नैतिक के अनुसार, जब उनके परिवार ने गाली-गलौज का विरोध किया तो अमित शर्मा ने अजय महेश्वरी के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद अमित की पत्नी और बेटा भी मारपीट में शामिल हो गए। शोरगुल सुनकर मोहल्ले के लोग भी बाहर आ गए। बीच-बचाव की कोशिश के बावजूद अमित शर्मा ने अजय महेश्वरी का गला दबा दिया और तब तक दबाते रहे जब तक वे बेहोश होकर सड़क पर नहीं गिर पड़े।

परिजन अजय महेश्वरी को तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक अजय महेश्वरी का बेटा और आरोपी का बेटा एक ही स्कूल में पढ़ते थे और स्कूल में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। उसी बात से नाराज होकर आरोपी के परिवार ने इस विवाद को घर तक खींच लाया, जो अंततः हत्या में बदल गया।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि “पूरे मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों अमित शर्मा, उनकी पत्नी और बेटे के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज किया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
