Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून: पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी से भड़का आक्रोश, आईएसबीटी चौकी पर हंगामा, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

देहरादून: सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से देहरादून में बुधवार रात तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मामला सामने आने के बाद हजारों लोगों में नाराजगी फैल गई और गुस्साए लोगों की भीड़ देर रात आईएसबीटी पुलिस चौकी पहुंची। आक्रोशित लोगों ने चौकी पर जमकर हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बताया जा रहा है कि संदीप राठौर नाम का युवक, जो सेलाकुई क्षेत्र का निवासी है, ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी। यह टिप्पणी कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे मुस्लिम समुदाय के बीच भारी आक्रोश फैल गया। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शांतिपूर्वक लोगों को समझाया और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद पटेलनगर थाने में आरोपी संदीप राठौर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

शहर में तनाव की स्थिति को देखते हुए आईएसबीटी क्षेत्र समेत आस-पास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) को भी सतर्क किया गया है ताकि किसी भी अफवाह या सांप्रदायिक तनाव को समय रहते रोका जा सके।

प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की है और सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाले संदेशों को साझा न करने की चेतावनी दी है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया की जिम्मेदारी और उसके दुरुपयोग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की सक्रियता से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Leave a Comment