रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक और उसकी प्रेमिका ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे रुड़की सिविल अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है।
युवक था तीन बच्चों का पिता
जानकारी के अनुसार मृतक युवक पहले से शादीशुदा था और तीन बच्चों का पिता था। युवक और युवती के बीच पिछले कुछ महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों परिवार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार भी हैं। वर्तमान में ये परिवार हरिद्वार के भगवानपुर थाना क्षेत्र में रह रहे थे।
सगाई से पहले घर से फरार
बताया जा रहा है कि युवती की कुछ दिनों बाद सगाई होने वाली थी। लेकिन सगाई से पहले ही वह अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। यह घटना लगभग एक सप्ताह पहले हुई थी और तब से दोनों परिवार उनकी तलाश में थे।
रेलवे ट्रैक पर दिल दहलाने वाला दृश्य
घटना रुड़की के रहीमपुर गांव स्थित रेलवे फाटक के पास हुई। चश्मदीदों के अनुसार, सोमवार को बारिश के बीच दोनों रेलवे ट्रैक के पास खड़े थे। वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनसे सवाल भी किया कि वे कहां के रहने वाले हैं और बारिश में क्यों खड़े हैं। इसी दौरान अचानक ट्रेन आते ही दोनों ने ट्रैक पर छलांग लगा दी। युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर घायल हो गई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
हादसे से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों रेलवे ट्रैक के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं और आसपास के लोग उनसे बातचीत कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल भेजा। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है।
