Udayprabhat
uttrakhand

धराली आपदा का आठवां दिन, 66 लोगों की लिस्ट जारी की, 2 की मौत की पुष्टि- UTTARKASHI DISASTER

उत्तराकाशी:  उत्तरकाशी के धराली में 5 अगस्त 2025 को आई भीषण आपदा के आठवें दिन भी लापता लोगों की तलाश जारी है। मंगलवार, 12 अगस्त को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने मृतकों और लापता लोगों की अपडेटेड लिस्ट जारी की। इस सूची में कुल 68 नाम शामिल हैं, जिनमें 2 मृत व्यक्तियों के नाम और 66 लापता लोगों के नाम हैं। नेपाल के 24 नागरिक भी लापता सूची में दर्ज हैं।

मृतकों के नाम की आधिकारिक पुष्टि

सूची के अनुसार, मृतकों में आकाश पुत्र महावीर सिंह, निवासी धराली, तहसील भटवाड़ी और भीम सिंह शेखात पुत्र महेश सिंह शेखावत, निवासी कोटपुतली, राजस्थान शामिल हैं। अभी तक इस आपदा में केवल इन्हीं दो मौतों की आधिकारिक पुष्टि की गई है।

विभिन्न राज्यों के लोग लापता
लापता लोगों में नेपाल के 24 नागरिकों के अलावा उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के लोग शामिल हैं।

उत्तराखंड: सोबित पंवार पुत्र अजयपाल पंवार (बयाणा, भटवाड़ी), सुरेंद्र पुत्र गैणा सिंह (गणेशपुर), सुखवीर सिंह पुत्र नामालूम (कामर), कैलाश पुत्र चरणदास (टिहरी गढ़वाल) लापता।

राजस्थान: कृतिका जैन पुत्री सुरेश जैन समेत 6 लोग लापता।

बिहार: 13 लोग लापता।

उत्तर प्रदेश: 8 लोग लापता।

हरियाणा: 1 व्यक्ति लापता।

मौसम और भूगोल बनी बड़ी चुनौती

रेस्क्यू टीमों में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और प्रशासन शामिल हैं। रडार और स्निफर डॉग की मदद से मलबे और ढही संरचनाओं में दबे लोगों की खोज की जा रही है। लगातार बदलता मौसम, भारी बारिश और ऊबड़-खाबड़ भूगोल बचाव कार्य को प्रभावित कर रहा है। बारिश बंद होते ही टीमें फिर से ऑपरेशन में जुट जाती हैं।

स्थानीय लोग अपने लापता परिजनों के बारे में चिंतित हैं और मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की है।

 

 

Leave a Comment