Udayprabhat
uttrakhand

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से पहले हल्द्वानी में सियासी हलचल, विपक्षी नेता के होटल और रेस्टोरेंट पर छापा

मतदान से एक दिन पहले पुलिस का देर रात अभियान, होटल–बैंक्वेट हॉल और रेस्टोरेंट की तलाशी; प्रशासन ने स्कूल और रेस्टोरेंट सील किए, नेता ने सरकार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया.

हल्द्वानी: हल्द्वानी में नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों के चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। गुरुवार 14 अगस्त को होने वाले मतदान से महज कुछ घंटे पहले बुधवार देर रात पुलिस ने विपक्ष के एक बड़े नेता लाखन सिंह नेगी के स्वामित्व वाले होटल और बैंक्वेट हॉल में छापेमारी की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी से होटल स्टाफ और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, सीओ रामनगर, कोतवाल हल्द्वानी, थाना प्रभारी मुखानी, काठगोदाम और टीपी नगर चौकी प्रभारी के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तलाशी में शामिल थे। हालांकि, तलाशी के दौरान पुलिस को कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को 15 अगस्त से पहले की नियमित सुरक्षा जांच बताया, लेकिन शहर में इसे आगामी पंचायत चुनाव से जोड़कर चर्चाएं तेज हो गईं।

गौरतलब है कि नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवार दीपा दरमवाल और कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पा नेगी के बीच सीधा मुकाबला है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही इस सीट को प्रतिष्ठा का सवाल मान रही हैं।

चुनाव से पहले लाखन नेगी लगातार विवादों में बने हुए हैं। 5 अगस्त को प्रशासन ने भवाली स्थित उनके नवनिर्मित स्कूल भवन की जांच की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते टीम को लौटना पड़ा। इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ। अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।

इसके बाद 11 अगस्त को प्रशासनिक टीम ने दोबारा मौके पर पहुंचकर स्कूल की जमीन और निर्माण संबंधी दस्तावेजों की जांच की। टीम ने पाया कि एक नाली सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण कर दीवार बनाई गई है, जिसके चलते भवन को सील कर दिया गया। साथ ही भुजिया घाट स्थित नेगी का रेस्टोरेंट भी अवैध निर्माण बताते हुए बंद कर दिया गया।

लाखन नेगी का आरोप है कि भाजपा सरकार उनके परिवार पर चुनाव में पत्नी का नाम वापस लेने का दबाव बना रही है और प्रशासन का उपयोग राजनीतिक बदले के लिए किया जा रहा है। उधर, प्रशासन का कहना है कि सभी कार्रवाई कानूनी और नियमानुसार है।

Leave a Comment