दुर्गंध, मच्छरों के प्रकोप और जल प्रदूषण पर जताई चिंता, शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
देहरादून : उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने जिलाधिकारी से कारगी स्थित कूड़ा प्रबंधन यार्ड को किसी अन्य जगह स्थानांतरित करने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर महिला कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदेश महिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में जिलाधिकारी को मिला और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित कारगी कूड़ा प्रबंधन वार्ड से उत्पन्न जनस्वास्थ्य और पर्यावरणीय संकट को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यार्ड के तत्काल विस्थापन की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि कारगी यार्ड से उठती दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और जल श्रोतों का प्रदूषण क्षेत्रीय जनता के लिए अभिशाप बन चुका है। महिलाएं, बच्चे और वृद्धजन इस संकट से सबसे अधिक प्रभावित हैं। यह केवल स्वच्छता का नहीं, बल्कि जीवन की गरिमा का प्रश्न है।
ज्ञापन में में कहा गया है कि यार्ड से उत्पन्न दुर्गंध और प्रदूषण से अस्थमा, एलर्जी, डेंगू जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। बरसात के मौसम में कूड़े का रिसाव जल श्रोतों को प्रदूषित करने के साथ ही मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव, विशेषकर बच्चों और महिलाओं में चिंता और असहजता की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ज्ञापन में मांग की गई है कि किसी गैर-आवासीय, पर्यावरणीय रूप से उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए और स्थानांतरण तक नियमित सफाई, छिड़काव और दुर्गंध नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो महिला कांग्रेस जनहित में आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगी। ज्ञापन देने वालों में आशा मनोरमा शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नजमा खान वरिष्ठ उपाध्यक्ष, पूनम सिंह जिला अध्यक्ष, पुष्पा पंवार प्रदेश महासचिव, सुशीला शर्मा प्रदेश महासचिव, दीपा चौहान सचिव, भावना सचिव, अनुराधा तिवारी महासचिव, देवेंद्र कोर सचिव के साथ ही अन्य कार्यकर्ता भी शामिल थे।
