Udayprabhat
uttrakhandक्राइम

उत्तराखंड के साहिल बिष्ट की अंबाला में हत्या, सीएम धामी ने हरियाणा सीएम से की बात, दोषियों पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन

घटना पर उत्तराखंड सीएम ने जताई संवेदना

अंबाला (हरियाणा): अंबाला के शहजादपुर क्षेत्र में उत्तराखंड के युवक साहिल बिष्ट की हत्या के मामले ने उत्तराखंड और हरियाणा सरकारों को सक्रिय कर दिया है। घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से फोन पर बातचीत की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ कठोर दंड की मांग की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस नृशंस घटना के अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड सरकार न्याय की इस लड़ाई में परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

हरियाणा सरकार ने दिए सख्त निर्देश

बातचीत के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को तुरंत पकड़कर कानून के हवाले किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।” सैनी ने पुलिस को शीघ्र कार्रवाई और कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

वीरेंद्र दत्त सेमवाल ने भी उठाई आवाज

इस बीच, उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष वीरेंद्र दत्त सेमवाल ने चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर घटना की गंभीरता बताई। उन्होंने हत्यारों की गिरफ्तारी, कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, अंबाला के शहजादपुर क्षेत्र में मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने साहिल बिष्ट पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल साहिल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पीड़ित परिवार के साथ खड़ी सरकार

मुख्यमंत्री धामी ने साफ कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने प्रशासन को भी निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार की हर आवश्यक मदद की जाए।

Leave a Comment