देहरादून: नशे के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। झुग्गी-झोपड़ियों और मलिन बस्तियों में मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने सभी अधिकारियों को आकस्मिक चेकिंग के निर्देश जारी किए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी नगर/सदर, विभिन्न थानों की पुलिस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड, एसओजी तथा ANTF की संयुक्त टीम ने बिंदाल बस्ती में अचानक दबिश दी।
अभियान के दौरान पुलिस बल ने पूर्व में नशा तस्करी में लिप्त रहे लोगों के घरों और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली। स्निफर डॉग की मदद से कई स्थानों की बारीकी से चेकिंग की गई। इस दौरान 09 पुरुष और 04 महिलाओं को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने लाया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियानों का उद्देश्य नशे के कारोबार की जड़ों तक पहुंचना और शहर को नशामुक्त बनाना है।
एसएसपी देहरादून ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में सुनसान स्थानों, खंडहरों और मलिन बस्तियों में नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाएं। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में नशा तस्करी में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए और सक्रिय तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को भी चिन्हित कर जब्त करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। दून पुलिस का यह अभियान न केवल नशे के तस्करों पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि आम जनता में यह संदेश देने का भी प्रयास है कि समाज में नशे जैसी कुरीति को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
