देहरादून। बच्चे का अपहरण कर उसे बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए गिरोह के 4 सदस्यो को उत्तरप्रदेश में अलग-अलग स्थानो से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर अपहृत 2 वर्षीय बालक को सकुशल बरामद किया गया। आरोपियों ने 2 लाख रूपए की रकम लेकर बच्चे का सौदा किया था।
आरोपियों से पूछताछ में मुख्य आरोपी के अपने दोनों बच्चो को भी बेचे जाने की जानकारी मिली है। बच्चे की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 25 हजार रूपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
रीना पत्नी सोमपाल निवासी कस्बा झालू बिजनौर हाल निवासी डीटी 45 यमुना कॉलोनी ने उसके दो पुत्रों आकाश (5) व विकास (2) का अपहरण होने के संबंध में एक शिकायती प्रार्थना पत्र कोतवाली कैंट में दिया गया। शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई।
मामले की विवेचना के दौरान घटनास्थल यमुना कालोनी में आस पास के लोगों से पूछताछ करने पर पीड़ित परिवार के घर राकेश नाम के व्यक्ति के आने-जाने की पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई। तथा राकेश द्वारा वादिनी के अपहृत हुए बड़े पुत्र आकाश को यमुना कालोनी के गेट पर छोड़ते हुए लोगो द्वारा देखे जाने की जानकारी मिली।
जांच में भी राकेश निवासी कस्बा जाटान मौहल्ला जिला बिजनौर यूपी जो कि विगत 15-16 वर्षों से सहस्त्रधारा रोड पर रहता है व आर्डिनेंस फैक्ट्री में माली तथा सफाई का काम करता है कि एक अन्य व्यक्ति राहुल निवासी गोहरपुर काफियाबाद मुरादाबाद हाल पता आईटी पार्क के साथ उक्त अपराध में संलिप्तता प्रकाश में आई। राहुल के मोबाईल नंबर की सर्विलांस के माध्यम से जानकारी करने पर भी दोनों के एक दूसरे के संपर्क में रहने की पुष्टि हुई तथा अपहरण की घटना में राहुल की पुत्री तानिया की भी संलिप्तता तथा अपहृत बच्चों को अपने पास छिपाने संबंधी तथ्य प्रकाश में आए।
घटना के बाद से ही तीनो आरोपी पकड़े जाने के डर से अपने मोबाइल नंबर बंद कर फरार चल रहे थे, जिस पर पुलिस द्वारा मैनुअल पुलिसिंग के जरीए तीनो आरोपियों के संबंध में जानकारियां एकत्रित की गई, तो तीनो आरोपियों के अमरोहा में राहुल की बुआ के घर पर छिपे होने की जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर तत्काल टीम को अमरोहा रवाना किया गया, जहां पुलिस टीम द्वारा कटाई अमरोहा में आरोपी राहुल की बुआ के घर पर दबिश देते हुए आरोपी राकेश तथा तानिया को गिरफ्तार किया गया। जिनसे से पूछताछ में उनके द्वारा बच्चे को धामपुर में प्रियंका व सैन्टी नाम के व्यक्ति को 2 लाख रूपए में बेचने की जानकारी दी गई। जिस पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को साथ लेकर उनके बताये अनुसार धामपुर कोढीपुर में दबिश देकर प्रकाश में आये दोनो आरोपियों प्रियंका व सैंटी को गिरफ्तार किया गया, जिनके द्वारा बच्चे को सरकथल शिवाला में एक परिवार को बेचने की जानकारी दी गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर अपहृत बच्चे को सरकथल शिवाला से सकुशल बरामद किया गया।
