देहरादून: पलटन बाजार में छात्रा के साथ छेड़छाड़ के बाद सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से 22 कैमरे लगाए गए हैं. एसएसपी ने थाना प्रभारी कोतवाली नगर को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम में कर्मचारी को नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मॉनिटरिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों को लाउड हेलर (LOUD HAILER) के माध्यम से चेतावनी देने और उन्हें चिन्हित कर आवश्यक एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं.
जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा कैमरे लगाए गए: घंटाघर में चार, सीएनआई चौक पर चार, मच्छी बाजार में दो, कोतवाली कट में एक, मोती बाजार कट में एक, सब्जी मंडी में एक, झंडा चौक में एक, तहसील चौक में एक, डिस्पेंसरी रोड पर एक, घोसी गली में एक,अंसारी मार्केट में एक, बिंदाल कट में एक, नेशनल शूज (यहां छात्रा से छेड़छाड़ हुई थी) में एक, राजा राेड पर एक और अंसारी गेट पर एक कैमरा लगाया गया है.
बाजार के आसपास के इलाकों में 22 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए: दो महीने पहले जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह ने पलटन बाजार का भ्रमण कर महिला सुरक्षा के मद्देनजर पलटन बाजार और उसके आसपास भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे. जिलाधिकारी के सहयोग से पलटन बाजार व उसके आसपास क्षेत्र में 22 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
