चमोली: विद्या भारती से सम्बद्ध सरस्वती विद्या मंदिरों के जनपद चमोली के संकुल स्तरीय आचार्यों की तीन दिवसीय कार्यशाला सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ज्योर्तिमठ में आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का उद्घाटन संकुल प्रमुख शम्भू प्रसाद चमोला, मास्टर ट्रेनर देव सिंह फर्स्वाण, संकुल प्रशिक्षण प्रमुख हिम्मत सिंह नेगी तथा सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य बद्री सिंह नेगी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
तीन दिवसीय इस कार्यशाला में पंचपदी पाठ योजना, आधारभूत विषयों का क्रियान्वयन, शारीरिक एवं योग शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) का क्रियान्वयन तथा इंग्लिश स्पोकन जैसी विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
विषय विशेषज्ञों के रूप में गौचर के प्रधानाचार्य मदन चौधरी, करणप्रयाग के रामेश्वर सती, नंदानगर के देवेंद्र भंडारी तथा थराली के शारदा प्रसाद तिवारी ने अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।
इस कार्यशाला में जनपद चमोली के आठ विद्यालयों के लगभग 60 आचार्य भाग ले रहे हैं, जो तीन दिनों तक विभिन्न शिक्षण तकनीकों और आधुनिक शिक्षण विधियों का अभ्यास करेंगे।
कार्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ शारीरिक शिक्षा, योग, संगीत, संस्कृत, नैतिक शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित संस्कारयुक्त एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत शैक्षिक वातावरण को सुदृढ़ करना बताया गया है।
