देहरादून: पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सचिव पेयजल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए चन्द्रबनी स्थित शमशान भूमि पर लगाए जा रहे नलकूप एवं पेयजल टंकी को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। साथ ही लोकहित सेवा समिति की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर संरक्षित करने की भी अपील की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि लोकहित सेवा समिति सुभाषनगर एक पंजीकृत सामाजिक संस्था है, जो लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। समिति द्वारा चन्द्रबनी शमशान भूमि (मुक्ति द्वार) का रख-रखाव एवं प्रबंधन भी किया जा रहा है, जिसमें किसी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं ली जाती।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि चन्द्रबनी शमशान भूमि के नाम पर लगभग 52 बीघा भूमि दर्ज है, जिसमें से अधिकांश पर अतिक्रमण हो चुका है और वर्तमान में केवल 10–12 बीघा भूमि ही शेष बची है, जहां अंतिम संस्कार एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं संचालित होती हैं। इसी क्षेत्र में बच्चों के दफन स्थल के निकट पेयजल विभाग द्वारा नलकूप और टंकी का निर्माण किया जा रहा है, जिसका स्थानीय स्तर पर विरोध हो रहा है।
कांग्रेसजनों ने मांग की कि शमशान भूमि के स्थान पर किसी अन्य उपयुक्त भूमि का चयन कर निर्माण कार्य किया जाए तथा अतिक्रमित भूमि को खाली कराकर वहां भी जनहित में निर्माण कराया जा सकता है। इसके अलावा शेष बची शमशान भूमि को पूरी तरह सुरक्षित करने की भी मांग रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश सचिव रमेश कुमार मंगू, अमन कुमार, सुभाष दस माना सहित अन्य लोग शामिल रहे।
