देहरादून: उत्तराखंड प्रीमीयर लीग (महिला) के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में पिथौरागढ़ हरिकेन और टिहरी क्वींस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। टूर्नामेंट का पहला मैच 23 सितंबर को पिथौरागढ़ हरिकेन और मसूरी थंडर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली मसूरी की टीम पावरप्ले में संघर्ष करती नजर आई और छह ओवरों में दो विकेट गंवा चुकी थी। रीना जिंदल की 24 रन की पारी टीम के लिए पर्याप्त नहीं साबित हुई और मसूरी 91 रन पर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए पिथौरागढ़ के मनीषा कुंवर, अनन्या मेहरा और नंदिनी कौशिक की शानदार साझेदारी ने टीम को 16वें ओवर में सात विकेट से जीत दिलाई। अनन्या मेहरा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में टिहरी क्वींस ने हरिद्वार स्टार्म का सामना किया। हरिद्वार ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 116 रन बनाए। टिहरी की कप्तान नीलम भारद्वाज ने हैट्रिक लेकर सभी को चौंका दिया। टार्गेट का पीछा करते हुए नीलम ने 86 रन की शानदार पारी खेली और टीम को सात विकेट से जीत दिलाई। उनके साथ अंकिता ने 17 रन जोड़े। नीलम को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इस मौके पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती देंगे और युवाओं को बड़े मंच पर खुद को साबित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तभी खेल भूमि बन सकता है जब हर घर से एक खिलाड़ी निकले, और प्रीमीयर लीग जैसे आयोजन इसके लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
