Udayprabhat
uttrakhand

मसूरी में बारिश का कहर, खूबसूरती के शहर में तबाही का मंजर, सड़कें टूटीं, बिजली-पानी ठप, नेपाली मूल के व्यक्ति की मौत

उत्तराखंड को कुदरत का कहर झेलना पड़ रहा है. देहरादून, मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश से भारी नुकसान हुआ है.

मसूरी: अपनी वादियों और खूबसूरती के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध मसूरी इन दिनों कुदरत के कहर से कराह रही है। सोमवार देर रात से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने शहर की सूरत बदल डाली। जो मसूरी हमेशा हरियाली और सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही, वहां अब चारों ओर मलबा, टूटी सड़कें और दहशत का माहौल है।

झड़ीपानी में दर्दनाक हादसा..

सबसे दुखद घटना झड़ीपानी शॉर्टकट रोड पर हुई, जहां देर रात भारी बारिश से आए मलबे ने एक मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में नेपाली मूल के 41 वर्षीय राम बहादुर की मौके पर मौत हो गई, जबकि अर्जुन (40) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मसूरी उप-जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

सड़कें धंसीं, रास्ते अवरुद्ध-

लगातार बारिश और भूस्खलन से मसूरी-देहरादून मार्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यह मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध और क्षतिग्रस्त हो गया है। कोलू खेत के पास सड़क का बड़ा हिस्सा टूट गया है और गलोगी पावर हाउस से करीब 200 मीटर आगे सड़क धंस गई है। इस वजह से प्रशासन ने इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी है। मसूरी पुलिस और प्रशासन ने कई मार्गों को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया है।

वाहनों को भी भारी नुकसान

भारी बारिश से आए मलबे ने कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। कुछ वाहन सड़क किनारे खड़े थे, जिन्हें मलबा बहा ले गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश इतनी तेज थी कि आंखों के सामने सड़कें धंसती चली गईं और पूरा इलाका मलबे से भर गया।

बिजली-पानी और नेटवर्क सेवा बाधित

बारिश और मलबे के चलते मसूरी में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। कई इलाकों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं भी बाधित हैं। इससे लोगों का बाहरी दुनिया से संपर्क टूट गया है। शहर के लोग दहशत में घरों में कैद होकर रात गुजारने को मजबूर हैं।

प्रशासन अलर्ट, मौसम विभाग ने दी चेतावनी..

हालात बिगड़ते देख प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम अलर्ट मोड पर हैं। जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और स्थानीय पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है ताकि फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और पहाड़ी इलाकों की यात्रा से फिलहाल परहेज करें।

मसूरी की खूबसूरती को इस समय बारिश के कहर ने ढक दिया है। लोग राहत और स्थायी समाधान की गुहार सरकार से कर रहे हैं, ताकि हर साल बरसात में उन्हें इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Leave a Comment