दुबई: एशिया कप 2025 में सोमवार को खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने हॉन्ग कॉन्ग को 4 विकेट से हराकर सुपर-4 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। यह श्रीलंका की टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत है, जबकि हॉन्ग कॉन्ग को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा और वह बाहर हो गया।
इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हॉन्ग कॉन्ग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 150 रन बनाए। टीम की ओर से निजाकत खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और पारी को संभालने का काम किया। हालांकि, बाकी बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना सके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर ही टीम को पहला झटका लगा, जब कुशल मेंडिस 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कामिल मिशारा भी केवल 19 रन बनाकर आउट हो गए और स्कोर 62 पर दो विकेट हो गया। हालांकि, इसके बाद पथुम निसांका और कुशल परेरा ने पारी को संभालते हुए शानदार साझेदारी की। दोनों के बीच अर्धशतकीय पार्टनरशिप देखने को मिली।
निसांका ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 68 रनों की पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। आखिर में वानिंदु हसरंगा ने तेजतर्रार पारी खेलते हुए 9 गेंदों में 20 रन बनाए और टीम को आखिरी ओवर में जीत दिला दी।
इस जीत के साथ श्रीलंका ने सुपर-4 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। उधर, ग्रुप-ए से भारत की टीम पहले ही सुपर-4 में जगह बना चुकी है। अब श्रीलंका की नज़र अगले चरण में दमदार प्रदर्शन पर होगी।
