Udayprabhat
uttrakhand

मसूरी में पर्यटक और स्थानीय लोगों में मारपीट, हंगामे के बाद हरियाणा का एक पर्यटक हिरासत में

मसूरी: मसूरी की माल रोड पर हरियाणा से आए पर्यटक और स्थानीय लोगों के बीच मामूली विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना के दौरान सार्वजनिक स्थान पर हंगामा मच गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, पैदल जा रहे एक स्थानीय व्यक्ति और कार से गुजर रहे पर्यटक के बीच वाहन टच होने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी।

सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी की चीता मोबाइल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को शांत कराया।

प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले में हरियाणा के गुरुग्राम निवासी नीरज राघव (36) को हिरासत में लिया गया है। साथ ही संबंधित वाहन का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान भी किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Comment