विद्या के मंदिर में शर्मनाक दृश्य, जूनिधार स्कूल में छात्र हाथ में पाइप लिए गाड़ी धोते हुए.
चमोली: उत्तराखंड के थराली ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनीधार गोठिंडा से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल समय के दौरान शिक्षक अपने छात्रों से अपनी लग्जरी गाड़ी की सफाई करवा रहे हैं। जहां बच्चों के हाथ में सामान्यत: किताब और कलम होनी चाहिए थी, वही उन्हें पाइप पकड़ा कर गाड़ी धोते हुए दिखाया गया है।
वीडियो स्थानीय युवकों द्वारा कैमरे में कैद किया गया और जब इस विषय में शिक्षक से पूछा गया, तो वह माफी मांगते नजर आए और वीडियो को वायरल न करने की गुहार भी लगाई। इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और बच्चों के अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी थराली, अबरार अहमद ने उपखंड शिक्षा अधिकारी से जांच कर उचित कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने को कहा है। वहीं उपखंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र ढोड़ीयाल ने कहा कि इस मामले की जानकारी उन्हें अभी नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और यदि यह मामला सही पाया गया तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोग इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कह रहे हैं कि बच्चों का समय और शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण है, उन्हें किसी शिक्षक की गाड़ी धोने के लिए इस्तेमाल करना अस्वीकार्य है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है और शिक्षा विभाग से कड़े कदम उठाने की मांग बढ़ रही है।
