Udayprabhat
Entertainmentuttrakhandदेश

Uttarakhand: CM योगी आदित्यनाथ पर बनी फिल्म, पहाड़ के अनंत जोशी ने बिखेरा अभिनय

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के युवा आज हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं और इनमें से एक हैं अनंत जोशी। बॉलीवुड फिल्मों, टीवी और वेब सीरीज में काम कर चुके अनंत जोशी अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फिल्म “अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी” में मुख्य भूमिका निभाकर चर्चा में हैं। उनकी इस भूमिका की दर्शकों और आलोचकों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।

फिल्म की रिलीज 19 सितंबर 2025 को हुई, जबकि पहले इसे 1 अगस्त को रिलीज किया जाना था। यह फिल्म शांतनु गुप्ता की किताब The Monk Who Became Chief Minister से प्रेरित है और रवींद्र गौतम द्वारा निर्देशित है। फिल्म में योगी आदित्यनाथ के जीवन की कहानी को दिखाया गया है—पंचूर गांव के एक साधारण युवक से साधु बनने और फिर राजनीति में कदम रखकर मुख्यमंत्री बनने तक का सफर। इसमें परेश रावल, निरहुआ, पवन मल्होत्रा और राजेश खट्टर जैसे कलाकार भी नजर आए।

अनंत जोशी अल्मोड़ा जिले के हवालबाग के मूल निवासी हैं। उन्होंने हल्द्वानी स्थित आम्रपाली कॉलेज से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एक्टिंग का शौक पूरा किया। पढ़ाई पूरी होने के बाद मुंबई और गुरुग्राम में रहकर उन्होंने धीरे-धीरे टीवी, वेब सीरीज और फिल्मों में अपनी पहचान बनाई।

फिल्म की शूटिंग के दौरान अनंत को पीलिया हो गया था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और शूटिंग पूरी की। उनके परिवार ने बताया कि स्क्रीन पर उनका अभिनय देखकर कहीं से भी उनकी बीमारी का अंदाजा नहीं लगता।

अनंत जोशी ने पहले टीवी धारावाहिक “जिंदगी अभी बाकी है मेरे घोस्ट” और “कर्ण संगिनी” में काम किया। इसके अलावा वे वेब सीरीज “गंदी बात”, “वर्जिन भास्कर” और “मामला लीगल है” में भी नजर आए। फिल्मों में उन्होंने “कटहल”, “12वीं फेल” और “ब्लैकआउट” जैसी फिल्मों में अहम भूमिकाएँ निभाई हैं।

फिल्म हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज की गई है। हालांकि फिल्म को लेकर कुछ विवाद भी हुए हैं, जिसमें कुछ लोगों का कहना है कि इसमें योगी के जीवन के कुछ पहलुओं को छुपाया गया है।

अनंत जोशी की मेहनत और अभिनय ने उत्तराखंड के लिए गर्व का पल पैदा किया है और वे बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल हुए हैं। फिल्म की कहानी, अभिनय और निर्देशन ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया है और ‘अजेय’ फिल्म वेबसाइट और सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है।

Leave a Comment