वन खेलकूद प्रतियोगिता के पहले दिन छत्तीसगढ़ 5 गोल्ड और 3 ब्रॉन्ज जीतकर पहले और उत्तराखंड 1 गोल्ड 1 सिल्वर के साथ पांचवें स्थान पर
देहरादून: राजधानी देहरादून में 28वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का आगाज हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए इसे राज्य के रजत जयंती वर्ष में वन विभाग की ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘खेलो इंडिया’ संदेश के अनुरूप यह आयोजन वन कर्मियों में फिटनेस और उत्साह बढ़ाने का उत्कृष्ट उदाहरण है।
देशभर से 42 टीमों के 3,380 खिलाड़ी देहरादून पहुंचे हैं। इनमें 708 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार न केवल सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों बल्कि वन विभाग से जुड़े केंद्रीय संस्थानों के खिलाड़ी भी पहली बार भाग ले रहे हैं।

छत्तीसगढ़ ने रखा अपना दबदबा बरकरार
पहले दिन की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाया। पिछले संस्करण की चैंपियन रही छत्तीसगढ़ टीम ने पहले ही दिन 5 गोल्ड और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
कर्नाटक ने 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज जीतकर दूसरा स्थान पाया, जबकि महाराष्ट्र ने 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। केरल चौथे और उत्तराखंड पांचवें स्थान पर रहा।
उत्तराखंड की बेटियों ने चमकाया नाम
मेजबान राज्य उत्तराखंड के लिए पहले दिन का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा।
वेटलिफ्टिंग के 58 किलोग्राम वर्ग में सोनम फर्स्वाण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं 48 किलोग्राम वर्ग में नव्या पांडे ने सिल्वर मेडल जीतकर राज्य को दूसरा पदक दिलाया।
इन दो बेटियों के दम पर उत्तराखंड ने पहले दिन पदक तालिका में पांचवां स्थान हासिल किया। सोनम ने कहा कि “प्रदेश की धरती पर गोल्ड जीतना मेरे लिए गर्व का पल है। यह उपलब्धि मैं राज्य के सभी वनकर्मियों को समर्पित करती हूं।”

क्रिकेट मैदान पर भी दिखा उत्तराखंड का दम
क्रिकेट मुकाबलों में भी उत्तराखंड टीम ने शानदार शुरुआत की। पहले लीग मैच में उत्तराखंड ने राजस्थान को छह विकेट से पराजित किया। कप्तान अभिषेक ने 48 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि गेंदबाज गौरव बिष्ट ने तीन विकेट चटकाए। जीत के बाद दर्शकों ने टीम का जमकर उत्साहवर्धन किया।
पहले दिन एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज, कैरम, फुटबॉल, लॉन टेनिस, स्क्वैश, रस्साकशी, वेटलिफ्टिंग और क्रिकेट जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। मैदानों में जोश और उत्साह का आलम देखने लायक था।

खिलाड़ियों का रिकॉर्ड स्तर पर जमावड़ा
खेलों में इस बार सबसे बड़ा दल छत्तीसगढ़ का है, जिसमें 253 सदस्य शामिल हैं। इसके बाद कर्नाटक (225 सदस्य), मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र (202-202 सदस्य) का नंबर आता है। मेजबान उत्तराखंड से 193 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 51 महिलाएं शामिल हैं।
प्रतियोगिता में 50 वर्ष से अधिक उम्र के 626 खिलाड़ी और 30 वर्ष से कम उम्र के 857 खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं, जो इस आयोजन को पीढ़ियों को जोड़ने वाला उत्सव बना रहे हैं।

