Udayprabhat
accidentuttrakhand

लक्सर हरिद्वार मार्ग पर सड़क हादसा, पासपोर्ट बनवाने जा रहे दो सगे भाइयों की डंपर से कुचलकर दर्दनाक मौत

21 वर्षीय साकिब और 19 वर्षीय वासिक की बाइक को सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मारी, दोनों डंपर के नीचे आ गए

हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह लक्सर–हरिद्वार मुख्य मार्ग पर एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान कटारपुर गांव निवासी 21 वर्षीय साकिब और 19 वर्षीय वासिक के रूप में हुई है। दोनों भाई पासपोर्ट संबंधी कार्य के लिए घर से निकले थे।

हरिद्वार में दो भाइयों की सड़क हादसे में मौत:

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सुबह अपनी बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। जियापोता गांव के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर दोनों भाइयों के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 

फरार डंपर चालक को तलाश रही है पुलिस: कनखल थाने में तैनात एसएसआई सतेंद्र भंडारी ने बताया कि-
दोनों भाइयों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं. फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है. चालक को जल्द पकड़ लिया जाएगा.
-सतेंद्र भंडारी, एसएसआई-

घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति अफरातफरी का रूप ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

दोनों बेटों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम का माहौल छा गया। पुलिस का कहना है कि हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment