Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

जनता के द्वार पहुँचे डीएम, बहुउद्देशीय शिविर में 166 शिकायतें, 56 का हुआ मौके पर निस्तारण

दुर्गम पहाड़ी रास्तों और धुंध भरे मौसम के बीच प्रशासनिक अमले संग पहुंचे डीएम
गरीब जौहर सिंह का ₹15 हजार का बिजली बिल माफ, रायफल फंड से भुगतान
स्वास्थ्य जांच, पेंशन स्वीकृति, आयुष्मान कार्ड और दिव्यांग प्रमाण पत्र का वितरण
कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग से 150 से अधिक किसानों को उपकरण मिले
सड़क, पेयजल, शिक्षा और आपदा प्रभावितों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून: “जनता के द्वार, प्रशासन आपके साथ” संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल मंगलवार को कालसी ब्लॉक के दुर्गम गांव उटैल-बैसोगिलानी पहुँचे। यहां आयोजित वृहद बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। शिविर में कुल 166 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 56 का समाधान मौके पर ही किया गया।

धुंध और उबड़-खाबड़ पहाड़ी मार्ग के बावजूद डीएम अपने पूरे प्रशासनिक अमले संग शिविर में पहुंचे। इस दौरान पानी की समस्या सामने आने पर उन्होंने जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए आधे घंटे में एटीआर मांगा। वहीं, उटैल निवासी गरीब जौहर सिंह का 15 हजार रुपये का बिजली बिल माफ कर डीएम ने रायफल फंड से भुगतान की स्वीकृति दी।

स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाएं:

शिविर में 442 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच हुई, जिसमें एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने 268 से अधिक रोगियों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। 25 आयुष्मान कार्ड, 10 दिव्यांग प्रमाण पत्र, 15 आधार कार्ड बनाए गए। समाज कल्याण विभाग ने 8 वृद्धावस्था, 1 विधवा और 8 दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कीं। 62 वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण और 8 दिव्यांगजन को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई।

महिला एवं किसान हित:

कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत नई दिशा महिला स्वयं सहायता समूह को 5 लाख की फार्म मशीनरी और 4 लाख की धनराशि का चेक प्रदान किया गया। किसानों को 150 से अधिक कृषि उपकरण, दवाएं और उद्यान सामग्री वितरित की गई। सहकारिता विभाग ने शिव कृषक स्वयं सहायता समूह को 5 लाख का चेक तथा पशुपालक संदीप चौहान को 1.60 लाख रुपये का चेक दिया।

विकास कार्य और अन्य निर्णय:

ग्रामीणों की मांग पर डीएम ने कालसी मुख्यालय में कूड़ा निस्तारण हेतु भूमि चयन कर जिला पंचायत के माध्यम से कार्य कराने के निर्देश दिए। अमराव क्षेत्र की कृषि भूमि क्षति की रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रस्तुत करने को कहा गया। खस्ता हाल सड़कों की शिकायत पर डीएम ने मौके पर धन स्वीकृत कर लोनिवि को तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, सिंचाई, शिक्षा और मुआवजे से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। डीएम ने सभी विभागों को प्राथमिकता पर समाधान करने और किसी भी शिकायत को अनावश्यक लंबित न रखने के सख्त निर्देश दिए। इस बहुउद्देशीय शिविर में 25 विभागों के स्टाल लगे और 555 से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिला।

Leave a Comment