Udayprabhat
Breaking Newsदेशराजनीति

बिहार में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, विधानसभा चुनाव का ऐलान जल्द

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आज एक बड़ा कदम उठाया गया है। चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 30 सितंबर 2025 को अंतिम निर्वाचक सूची प्रकाशित कर दी है। इस सूची के जारी होते ही विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा का रास्ता साफ हो गया है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदाता अब आसानी से अपने नाम की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए आयोग ने लिंक https://voters.eci.gov.in उपलब्ध कराया है। आयोग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदान सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो तुरंत सुधार कराएं।

65 लाख नाम हटे, नए मतदाता जुड़े

चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान राज्य के 38 जिलों से करीब 65 लाख नाम हटाए गए। इनमें मृतक मतदाता, डुप्लीकेट प्रविष्टियां और अन्य राज्यों में स्थानांतरित हो चुके मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, जिन लोगों ने अपना पता बदला था, उनका एड्रेस अपडेट किया गया है। साथ ही, बड़ी संख्या में नए युवाओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं, जिससे वोटिंग प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।

चुनाव का रास्ता साफ

अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ ही अब बिहार विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग की एक उच्चस्तरीय टीम 4 और 5 अक्टूबर को बिहार का दौरा करने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, टीम की समीक्षा बैठक के बाद किसी भी समय चुनाव की तारीख की घोषणा संभव है।

बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए चुनाव होने हैं और वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि अक्टूबर के पहले या दूसरे सप्ताह में आचार संहिता लागू हो सकती है और नवंबर के मध्य तक चुनावी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीतियां तेज कर दी हैं। सत्ता पक्ष जहां अपने कामकाज के आधार पर जनता से वोट मांगने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष सरकार की नीतियों और वादाखिलाफी के मुद्दों को उठाकर मैदान में उतरने वाला है।

कुल मिलाकर, फाइनल वोटर लिस्ट के जारी होने से चुनावी माहौल और गरमाने लगा है। अब सभी की निगाहें सिर्फ निर्वाचन आयोग की ओर टिकी हैं, जो कभी भी बिहार चुनाव की तारीख का ऐलान कर सकता है।

Leave a Comment