Udayprabhat
uttrakhandक्राइमदेहरादून

देहरादून: विकासनगर में नाबालिग युवती की संदिग्ध हत्या, चचेरा भाई फरार, जांच में जुटी पुलिस

 देहरादून: घर से 100 मीटर दूर मिली नाबालिग की लाश, पुलिस जांच में जुटी
 सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या की आशंका, विकासनगर में सनसनी
कश्मीरी शॉल विवाद के बाद विकासनगर में दूसरी बड़ी घटना, नाबालिग युवती मृत मिली

विकासनगर: देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब चांदीपुर इलाके में एक नाबालिग युवती का शव सड़क किनारे झाड़ियों में बरामद किया गया। युवती का शव उसके घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर मिला है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार युवती बीते दिन अपने चचेरे भाई के साथ घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। अब घटना के बाद से चचेरा भाई फरार बताया जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि वारदात में वही अहम कड़ी हो सकता है। उसकी तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।

मौके की स्थिति को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया है, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत होने की आशंका है।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवती के परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार युवक की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो पाएगी।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही विकासनगर क्षेत्र में कश्मीरी शॉल व्यापारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया था, जिसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। एक के बाद एक सामने आ रही इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Comment