श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): श्रीनगर गढ़वाल में शुक्रवार को वाहन ओवरटेक को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हरियाणा से आए पर्यटकों और स्थानीय युवाओं के बीच हुई मारपीट के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरियाणा नंबर की कार गलत दिशा से चलाई जा रही थी, जिसका स्कूटी सवार स्थानीय युवाओं ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। मारपीट की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना के बाद मामला श्रीनगर कोतवाली पहुंचा, जहां पहले से मौजूद लोगों ने पर्यटकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। श्रीनगर पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
गौरतलब है कि इससे पहले अल्मोड़ा के मॉल रोड क्षेत्र में भी पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद का मामला सामने आया था। बताया गया कि हरियाणा नंबर की गाड़ी से सड़क पर कूड़ा फेंकने का विरोध करने पर कार सवार पर्यटक उलझ गए थे। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
