Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

जिला प्रशासन की सख्ती: दिव्यांग बेटे और विधवा माता के 17 लाख का कर्ज किया माफ

जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से आईसीआईसीआई बैंक ने जारी किया नो ड्यूज और लौटाए कागजात, परिवार को मिली नई उम्मीद.

देहरादून: जिला प्रशासन के त्वरित और समन्वित प्रयास से दिव्यांग बेटे और विधवा माता के जीवन में राहत और न्याय सुनिश्चित हुआ। शोभा रावत, जिनके पति मनोज रावत की 30 अक्टूबर 2024 को आकस्मिक मृत्यु हो गई थी, 17 लाख रुपये के बीमित ऋण की वसूली के चलते प्रताड़ित हो रही थीं। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक पुत्र 100 प्रतिशत दिव्यांग है और पुत्री शिक्षारत् है।

जिलाधिकारी सविन बंसल से मिलने के बाद, एसडीएम न्याय कुमकुम जोशी ने बैंक पर फॉलोअप किया। डीएम के निर्देशानुसार बैंक को सोमवार तक नो ड्यूज जारी करने का समय दिया गया, अन्यथा शाखा की संपत्ति कुर्क कर नीलामी के निर्देश थे।

आईसीआईसीआई बैंक ने अंतिम रूप से घर जाकर नो ड्यूज जारी किया और सभी कागजात लौटाए। 17 लाख के लोन का अधिकांश हिस्सा बीमा से चुका दिया गया था, और शेष 5 लाख रुपये की राशि माफ कर दी गई। इससे शोभा और उनके बच्चों को आर्थिक सुरक्षा और मानसिक शांति मिली।

जिला प्रशासन के इस कदम से न केवल असहाय परिवारों को राहत मिली है, बल्कि सरकार और प्रशासन की न्यायप्रिय छवि भी मजबूत हुई है। शिक्षा, रोजगार, ऋणमाफी और संपत्ति वापसी के मामलों में निरंतर एक्शन से जनमानस में प्रशासन पर विश्वास बढ़ा है।

जिलाधिकारी कार्यालय का यह प्रयास यह संदेश देता है कि प्रशासन हर परिस्थिति में जनहित और न्याय के लिए तत्पर है। विधवा माता शोभा और उनके बच्चों का भविष्य अब सुरक्षित और उज्जवल बन गया है।

Leave a Comment