19 से 23 दिसंबर तक परेड ग्राउंड में होगा यूकाइटेक्स 2025
देहरादून: पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) उत्तराखंड चैप्टर ने देहरादून में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान विनीत कुमार गुप्ता को राज्य चैप्टर का नया चेयरमैन नियुक्त किए जाने की घोषणा की। होटल हयात सेंट्रिक में आयोजित इस कार्यक्रम में गुप्ता ने अपने नए दायित्व संभालने के साथ ही उत्तराखंड इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो (यूकाइटेक्स 2025) की औपचारिक घोषणा भी की।
यूकाइटेक्स का आयोजन 19 से 23 दिसंबर तक परेड ग्राउंड, देहरादून में किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले को विभिन्न सरकारी विभागों, एमएसएमई, उद्योग संगठनों और संस्थागत भागीदारों का व्यापक सहयोग प्राप्त होगा। भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बीएनआई, भारतीय मानक ब्यूरो, नेशनल जूट बोर्ड, उत्तराखंड बांस एवं फाइबर विकास बोर्ड सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान आयोजन से जुड़े हैं।
विनीत कुमार गुप्ता ने कहा कि परेड ग्राउंड को आयोजन स्थल के रूप में चुना जाना एक्सपो की पहुंच और प्रभाव को और मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि यूकाइटेक्स 2025 का उद्देश्य उत्तराखंड के एमएसएमई, ओडीओपी उत्पादों, स्टार्टअप्स और उद्योगों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है। को-चेयरमैन अमित खनेजा और रेजिडेंट डायरेक्टर रितेश सिंह ने भी एक्सपो को राज्य के आर्थिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।
