रुद्रपुर: कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के फाजलपुर महरौला में जमीनी विवाद के चलते हुई भीषण फायरिंग की घटना में मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का लाइसेंसी तमंचा भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, फाजलपुर महरौला निवासी कश्मीर सिंह और बगवाड़ा निवासी सिमरनजीत सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। बीते दिन सिमरनजीत सिंह तीनपानी स्थित लेबर अड्डे से 21 मजदूरों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर अपनी विवादित जमीन पर पिलर लगवाने के लिए लेकर पहुंचा था।
इसी दौरान खेत जोतने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते गोलीबारी में बदल गया। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मजदूर को अस्पताल भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान कार्तिक पोतदार पुत्र मानिक पोतदार निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज किए। जांच के दौरान आरोपी सिमरनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
