टिहरी/धनौल्टी: नए साल के स्वागत को लेकर देशभर के पर्यटन स्थल सज-संवर चुके हैं और उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल तेज हो गई है। पहाड़ों की ओर रुख कर रहे पर्यटकों की पहली पसंद इन दिनों टिहरी झील बनती जा रही है, जहां स्वच्छ वातावरण, शांत वादियां और रोमांचक वाटर स्पोर्ट्स पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।
न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे पहले से ही एडवांस बुकिंग से फुल होते नजर आ रहे हैं। वहीं टिहरी झील में सैलानियों का मेला लगा हुआ है। दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक यहां पहुंचकर झील की खूबसूरती के साथ रोमांच का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
झील की साफ-सुथरी लहरों के बीच मोटर बोटिंग, स्पीड बोटिंग और पैरा सेलिंग जैसी वाटर एडवेंचर एक्टिविटीज़ पर्यटकों को खास अनुभव दे रही हैं। पर्यटक बताते हैं कि महानगरों में बढ़ते प्रदूषण और अन्य लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ और जाम की समस्या से बचने के लिए उन्होंने टिहरी को चुना है।
सैलानियों का कहना है कि टिहरी की शांत वादियां और स्वच्छ हवा उन्हें सुकून का अहसास कराती हैं। पहाड़ों के बीच फैली विशाल झील न केवल आंखों को सुकून देती है, बल्कि गोवा जैसी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का रोमांच भी यहां उपलब्ध है। इसी वजह से उन्होंने परिवार और दोस्तों के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए टिहरी को चुना।
पर्यटक यहां के अनुभव से बेहद खुश नजर आ रहे हैं और भविष्य में भी बार-बार टिहरी आने की इच्छा जता रहे हैं। नए साल के जश्न के साथ टिहरी झील एक बार फिर उत्तराखंड पर्यटन की चमक बढ़ाती हुई नजर आ रही है।
