देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। अंकिता की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए हैं। परिवार ने विनोद आर्य और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।
कथित चैट सार्वजनिक होने से बढ़ा विवाद
दरअसल, कुछ दिन पहले पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके साथ मौजूद एक अधिवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता भंडारी की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थी। इस दौरान अंकिता और उनके कथित दोस्त को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद मामला विवादों में आ गया। अंकिता के परिजनों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे उनकी दिवंगत बेटी की निजता और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताया है।
कई थानों के चक्कर लगाने के बाद धरने पर परिवार
अंकिता के माता-पिता का आरोप है कि उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कई थानों के चक्कर लगाने के बावजूद अब तक उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसी के विरोध में परिवार ने गांधी पार्क में धरना शुरू कर दिया है। परिजनों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अंकिता के मोबाइल फोन को लेकर उठाए सवाल
धरने के दौरान अंकिता की माता ने उसकी मोबाइल फोन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि अंकिता का मोबाइल फोन विनोद आर्य के पास हो सकता है। परिवार ने मांग की है कि मोबाइल फोन की बरामदगी और उससे जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जाए। परिजनों का कहना है कि मोबाइल फोन आखिर कहां है और उसमें मौजूद जानकारी का क्या हुआ, इसका सच सामने आना चाहिए।
17 और 18 सितंबर की चैट सार्वजनिक करने की मांग
अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य और उनके सहयोगियों की ओर से उनकी बेटी को लेकर अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। उन्होंने कहा कि 17 और 18 सितंबर 2022 की चैट सामने नहीं लाई जा रही हैं, जिनमें उनकी बेटी ने अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी थी।
वीरेंद्र भंडारी ने विनोद आर्य और अनुज मंडल के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, परिवार का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने साफ किया कि उनका उद्देश्य केवल अपनी बेटी को न्याय दिलाना और उसकी गरिमा की रक्षा करना है।
कांग्रेस नेताओं ने भी धरने को दिया समर्थन
अंकिता के माता-पिता के धरने को कांग्रेस नेताओं का भी समर्थन मिला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूरे घटनाक्रम को निंदनीय और संवेदनहीन बताया। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनकी पीड़ा को समझना जरूरी है।
गोदियाल ने बताया कि कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेता हरीश रावत, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता चल रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि अंकिता के माता-पिता कांग्रेस कार्यालय के नजदीक गांधी पार्क में धरने पर बैठे हैं।
न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
अंकिता के परिवार ने दो टूक कहा है कि उनकी बेटी की कथित निजी चैट सार्वजनिक करने और उसके सम्मान को ठेस पहुंचाने के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। परिवार की मांग है कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाए। फिलहाल गांधी पार्क में जारी धरने ने इस मामले को एक बार फिर प्रदेश की राजनीति और जनचर्चा के केंद्र में ला दिया है।
