Udayprabhat
uttrakhand

बर्फबारी से पहाड़ों में बढ़ी ठंड, केदारनाथ धाम सहित ऊंची चोटियां बर्फ से ढकीं

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। केदारनाथ धाम सहित राज्य की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। देर रात से केदारनाथ धाम के आसपास की पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी हो रही है, जबकि ज्योर्तिमठ क्षेत्र में भी मौसम खराब बना हुआ है।

मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। आसमान बादलों से ढक गया और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने लगी। रूपकुंड, नंदा घुंघटी और त्रिशूल पर्वत श्रृंखलाओं में लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है।

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन सतर्क

मौसम विभाग ने 27 जनवरी को देहरादून जिले में मौसम के और अधिक खराब होने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन तत्काल प्रभाव से देहरादून जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश केवल देहरादून जिले में लागू होगा, अन्य जिलों में स्कूलों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखें और मौसम विभाग द्वारा जारी की जाने वाली आगे की चेतावनियों पर ध्यान दें।

Leave a Comment