देहरादून: देश के चार प्रमुख राज्यों—पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और केरल में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उत्तराखंड के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रदेश से कुल 14 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें 11 आईएएस और 3 आईपीएस अधिकारी शामिल हैं।
शासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईएएस अधिकारी राजेंद्र कुमार, श्रीधर बाबू अद्दांकी और रंजीत सिन्हा को केरल विधानसभा चुनाव में बतौर सामान्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार आईएएस सौरभ गहरवार और युगल किशोर पंत को तमिलनाडु में चुनावी प्रक्रिया की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है।
पश्चिम बंगाल में आईएएस मेहरबान सिंह बिष्ट, वी. षणमुगम, विनीत कुमार और विनीत तोमर को तैनात किया गया है, जबकि असम में आईएएस हिमांशु खुराना और वंदना को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है, जो चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
वहीं, आईपीएस अधिकारियों की बात करें तो प्रहलाद नारायण मीणा और अनंत शंकर ताकवाले को पश्चिम बंगाल में पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में भेजा गया है, जबकि सुनील कुमार मीणा तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
इसके अतिरिक्त, आईएएस अधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार और अभिषेक रुहेला को फिलहाल रिजर्व श्रेणी में रखा गया है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर चुनावी ड्यूटी में लगाया जा सकता है।
