Udayprabhat
uttrakhandराजनीति

उत्तराखंड में धामी कैबिनेट का हुआ विस्तार, राज्यपाल ने इन 5 मंत्रियों को दिलाई शपथ

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चर्चाओं में चल रहा मंत्रिमंडल विस्तार शुक्रवार को आखिरकार साकार हो गया। राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में पांच विधायकों ने मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस विस्तार के साथ ही राज्य सरकार ने अपने मंत्रिमंडल को पूर्ण रूप देते हुए राजनीतिक और प्रशासनिक संतुलन साधने की कोशिश की है।

 

इन विधायकों को धामी मंत्रिमंडल में मिली जगह
  1. रुद्रप्रयाग विधानसभा सीट से विधायक भरत चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया
  2. रुड़की विधानसभा सीट से विधायक प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया
  3. हरिद्वार विधानसभा सीट से विधायक मदन कौशिक को कैबिनेट मंत्री बनाया गया
  4. राजपुर विधानसभा सीट से विधायक खजान दास को कैबिनेट मंत्री बनाया गया
  5. भीमताल विधानसभा सीट से विधायक राम सिंह कैड़ा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया

गौरतलब है कि धामी सरकार में मंत्री पदों के पांच स्थान लंबे समय से रिक्त चल रहे थे। इनमें से एक पद पूर्व मंत्री चंदन रामदास के निधन के कारण खाली हुआ था, जबकि दूसरा पद प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद रिक्त हो गया था। इसके अलावा तीन पद पहले से ही खाली थे। इन सभी पदों को भरते हुए सरकार ने अब अपने मंत्रिमंडल को पूरी तरह से सशक्त बना लिया है।

इस विस्तार के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम आगामी चुनावी रणनीति और प्रशासनिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली में तेजी आने की संभावना है।

शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री, विधायक और कई प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पिछले कई महीनों से मंथन चल रहा था। केंद्रीय नेतृत्व के साथ कई दौर की चर्चाओं और समीक्षाओं के बाद अंततः नामों पर सहमति बनी। चयन प्रक्रिया में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, जातीय संतुलन और संगठनात्मक योगदान जैसे कई पहलुओं को ध्यान में रखा गया है।

 

Leave a Comment