Udayprabhat
uttrakhand

पौड़ी गढ़वाल में आतंक मचाने वाला गुलदार ढेर, शूटर जॉय हुकील ने नरभक्षी को किया ढेर

डीएफओ पौड़ी अभिमन्यु सिंह ने बताया मारे गए गुलदार की उम्र लगभग 5 वर्ष है. यह मादा गुलदार है.

पौड़ी: पौड़ी जनपद के गजल्ड़ गांव में पिछले कई दिनों से दहशत फैलाने वाले गुलदार को आखिरकार ढेर कर दिया गया है। लगातार हो रही घटनाओं से भयभीत ग्रामीणों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। बुधवार देर रात मशहूर शूटर जॉय हुकिल और उनकी टीम ने गुलदार को ट्रैक कर मार गिराया, जिसके बाद वन विभाग ने उसे रेस्क्यू कर नागदेव रेंज, पौड़ी भेज दिया।

गौर करने योग्य है कि गत गुरुवार को गांव के 45 वर्षीय राजेंद्र नौटियाल की गुलदार के हमले में मौत हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र में वन्यजीव की गतिविधियां लगातार बढ़ गई थीं। कई पालतू पशुओं पर हमलों से ग्रामीणों में भारी नाराज़गी व्याप्त हो गई थी। स्थानीय लोगों ने विभाग से तत्काल एक प्राइवेट शूटर लगाने की मांग भी की थी।

ग्रामीणों की मांग पर संज्ञान लेते हुए वन विभाग ने दो शूटरों को क्षेत्र में तैनात किया, जिनमें जॉय हुकिल भी शामिल थे। हुकिल ने घटनास्थल के आसपास लगे ट्रैप कैमरों की फुटेज का अध्ययन कर गुलदार की हरकतों पर कड़ी नजर रखी। देर रात किए गए अभियान में उन्होंने गुलदार को मार गिराया, जिससे गांव में पिछले कई दिनों से फैला डर कम हो गया है।

पौड़ी जिले के कई विकासखंडों में पिछले कुछ समय से गुलदार की दहशत बनी हुई है। सिर्फ चौबट्टाखाल क्षेत्र में ही हाल ही में एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। गजल्ड़ गांव में भी बीते एक सप्ताह से गुलदार की सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी थी।

वन प्रभागीय अधिकारी (DFO) अभिमन्यु सिंह ने बताया कि मारा गया गुलदार लगभग पाँच वर्ष की मादा है। घटनास्थल और आसपास लगाए गए ट्रैप कैमरों में जो गुलदार दिखाई दे रहा था, वही पकड़ा गया है। उसे रेस्क्यू कर नागदेव रेंज लाया गया है, जहां उसकी विस्तृत जांच की जाएगी।

Leave a Comment