15 साल से फरार दो इनामी ठग पुलिस के हत्थे, सीबीसीआईडी और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई.
हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में दर्ज एक चर्चित धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे पचास हजार रुपये के इनामी आरोपी को सीबीसीआईडी ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लाखों रुपये की ठगी कर वर्षों से राज्य-राज्य भटक रहा था। वहीं, नगर कोतवाली पुलिस ने भी 15 साल से फरार चल रहे एक अन्य वारंटी को यूपी से दबोच लिया है।
सीबीसीआईडी के अनुसार कानपुर निवासी अनिल कुमार तिवारी के खिलाफ चिट्स एंड फंड के नाम पर भारी भरकम धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज था। लंबे समय से उसकी तलाश के लिए कई राज्यों में दबिश दी जा रही थी। टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से महाराष्ट्र के ठाणे जिले के टीटवाला ईस्ट स्थित एक अपार्टमेंट से 7 दिसंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर हरिद्वार लाकर 9 दिसंबर को ज्वालापुर कोतवाली में दाखिल किया गया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के अनुसार आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इसी बीच, नगर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में वांछित चल रहे गौतम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रतापगंज, यूपी निवासी गौतम के खिलाफ वर्ष 2009 में गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। 15 वर्षों से फरार चल रहा आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। पुलिस ने अमरोहा के चंदनपुर रहटा इलाके में दबिश देकर उसे 9 दिसंबर को गिरफ्तार किया। नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में प्रस्तुत कर दिया गया है।
