Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों ने रैली निकालकर किया प्रदर्शन, मंत्री आवास घेराव में पहुंचे हरक रावत

अपनी मांग को लेकर जिस तरह संघर्ष कर रहे है, उनका नतीजा अच्छा ही निकलेगा: हरक रावत

देहरादून: नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को पूर्व की तरह वर्षवार करने सहित कई मांगों को लेकर बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों ने गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत के सरकारी आवास की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत भी मौके पर पहुंचे और अभ्यर्थियों की मांगों को पूर्णतः जायज बताया।

कूच से पहले सभी अभ्यर्थी बिंदाल पुल के पास एकत्र हुए, जहां से हरक सिंह रावत के नेतृत्व में पैदल मार्च शुरू किया गया। जैसे ही प्रदर्शनकारी यमुना कॉलोनी के मुख्य द्वार पर पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इससे नाराज अभ्यर्थी सड़क पर ही बैठकर धरने पर जुट गए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी  की।

कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने कहा कि नर्सिंग अभ्यर्थी सात दिनों से आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही। उन्होंने कहा कि वर्षवार भर्ती प्रणाली बहाल की जानी चाहिए, ताकि कोर्स पूरा कर चुके अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर मिल सकें। रावत ने बताया कि आवास कूच से पहले उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से फोन पर बातचीत की, जिसमें मंत्री ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल में हैं और 18 तारीख को देहरादून पहुंचकर अभ्यर्थियों से चर्चा करेंगे।

नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने कहा कि वर्तमान भर्ती विज्ञप्ति और भर्ती पोर्टल को तुरंत बंद किया जाए तथा प्रक्रिया को पहले की तरह ईयरली वाइज किया जाए। उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड मूल निवासियों को प्राथमिकता मिले और आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को विशेष आयु छूट प्रदान की जाए।

Leave a Comment