हरिद्वार: प्रेमनगर आश्रम के पास फ्लाईओवर पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। हाईवे पर मरम्मत कार्य के दौरान तेज रफ्तार बलेनो कार ने किनारे रखे जनरेटर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
इन दिनों हाईवे पर मरम्मत का काम जारी है। बुधवार रात भी मजदूर फ्लाईओवर की मरम्मत कर रहे थे और मशीन चलाने के लिए हाईवे के किनारे एक बड़ा जनरेटर रखा गया था। इसी दौरान देहरादून से हरिद्वार की ओर आ रही तेज रफ्तार बलेनो कार अनियंत्रित होकर जनरेटर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार के उड़े परखच्चे
टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार चालक 20 वर्षीय अर्पित सैनी की मौके पर ही मौत हो गई। जनरेटर के पास खड़े दो मजदूर भी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में दम तोड़ गया तीसरा मजदूर
हादसे के बाद कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने मजदूर राजू राय (निवासी पश्चिम बंगाल) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजब सिंह को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां गुरुवार दोपहर इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
कार में अर्पित के साथ उसका दोस्त रहमान भी मौजूद था, जो बहादराबाद क्षेत्र का रहने वाला है। उसे गंभीर हालत में जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों किसी पार्टी में शामिल होने के बाद लौट रहे थे।
अचानक आई मौत की खबर से कार चालक अर्पित सैनी और दोनों मजदूरों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
