देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने एक दिवसीय नैनीताल दौरे पर भीमताल पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कुल 112 करोड़ रुपये से अधिक की 17 परियोजनाओं को हरी झंडी देते हुए कहा कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल और गौशाला निर्माण जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। भीमताल से देवीधुरा तक सड़क निर्माण के लिए सरकार ने 9.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। सीएम धामी ने कहा कि ये सभी योजनाएं क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाएंगी और स्थानीय लोगों के लिए सुविधाओं में बढ़ोतरी लाएंगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व में योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती थीं, जबकि वर्तमान सरकार उन्हें ज़मीन पर उतारने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
सीएम धामी ने बताया कि सरकार देवभूमि को विश्व की ‘आध्यात्मिक राजधानी’ बनाने के लक्ष्य पर अग्रसर है। चारधाम की तर्ज पर मानसखंड क्षेत्र के महत्वपूर्ण मंदिरों का भी पुनरुत्थान किया जा रहा है। भीमताल में मिनी स्टेडियमों का निर्माण, लंबित पार्किंग परियोजना को पूरा करने, नया रोडवेज बस स्टेशन और अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की गई।
उन्होंने कहा कि पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश में मिल रही पहचान से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो सरकार की नीतियों की सफलता का प्रमाण है।
