देहरादून: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI), गुल्मनायक और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी भर्ती परीक्षा 2024-25 का परिणाम घोषित कर दिया है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट और कैटेगरीवार कटऑफ मार्क्स देख सकते हैं।
शारीरिक से लिखित तक की प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों को पहले शारीरिक मापदंड (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) पास करनी थी। इसके बाद 12 जनवरी 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 14 मई 2025 को किया गया। अब आयोग ने लिखित परीक्षा का परिणाम और कटऑफ लिस्ट जारी कर दी है.आगे होगा मेडिकल टेस्ट
रिजल्ट घोषित होने के बाद अब चयनित उम्मीदवारों को मेडिकल परीक्षा से गुजरना होगा। इसमें उनकी शारीरिक फिटनेस और स्वास्थ्य की जांच होगी। पहले हुए PST और PET केवल क्वालीफाइंग नेचर के थे। अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा के अंकों और मेडिकल टेस्ट में सफल होने वाले अभ्यर्थियों के आधार पर जारी की जाएगी।
गृह विभाग के अंतर्गत आयोजित इस भर्ती अभियान में कुल 222 पद शामिल हैं। इनमें 108 पद सब इंस्पेक्टर (नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना), 89 पद गुल्मनायक (पुरुष – PAC/IRB) और 25 पद अग्निशमन द्वितीय अधिकारी (पुरुष/महिला) के लिए आरक्षित हैं।
पुलिस सब इंस्पेक्टर (नागरिक पुलिस)
सब इंस्पेक्टर (नागरिक पुलिस) के लिए सामान्य वर्ग (UR) की कटऑफ 205.6687 रही। वहीं, UR/UF की कटऑफ 179.2302 अंक रही। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की कटऑफ 201.8555 तथा EWS/UF की 179.2293 रही। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में 198.8059 और OBC/UF में 175.4163 अंक तक चयन हुआ। अनुसूचित जाति (SC) की कटऑफ 174.1453 तथा SC/UF की 168.5524 रही। अनुसूचित जनजाति (ST) की कटऑफ 189.3987 अंक, DFF की 170.8409 और Ex-Servicemen की कटऑफ 151.2662 अंक रही।
पुलिस सब इंस्पेक्टर (अभिसूचना)
अभिसूचना शाखा में UR वर्ग की कटऑफ 201.6021 रही जबकि UR/UF की 182.5343 रही। EWS वर्ग की कटऑफ 195.2457 और EWS/UF की 177.9584 अंक रही। OBC वर्ग के लिए 194.9918 तथा OBC/UF की 174.6537 रही। SC की कटऑफ 167.7895 और SC/UF की 162.9598 अंक रही। ST की कटऑफ 186.3480 रही, जबकि Ex-Servicemen वर्ग के लिए न्यूनतम अंक 154.0623 तय हुए।
गुल्मनायक (पुरुष)
गुल्मनायक (पुरुष) पद के लिए UR वर्ग की कटऑफ 190.1614 रही। EWS वर्ग में यह 185.3309 रही, वहीं OBC वर्ग में 186.3482 अंक तक चयन हुआ। SC वर्ग के लिए कटऑफ 160.6718 और ST वर्ग में 177.4506 अंक रही। इसके अलावा DFF श्रेणी में 163.4692 अंक तक अभ्यर्थी सफल हुए।
