Udayprabhat
uttrakhand

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों का सम्मान, ललितेंद्र नाथ व गुलशन नैय्यर को मिला ‘पत्रकारिता रत्न’ सम्मान

देहरादून: हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया स्मॉल न्यूज पेपर्स एसोसिएशन (आईसना) के तत्वावधान में आयोजित भव्य पत्रकार सम्मान समारोह में प्रदेश भर से आए वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने पत्रकारों को सम्मानित करते हुए पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताया।

समारोह में हरिद्वार से पिछले 64 वर्षों से प्रकाशित साप्ताहिक लोकार्थ से जुड़े ललितेंद्र नाथ तथा अपने प्रकाशन के स्वर्णिम वर्ष में प्रवेश कर चुके मुक्तिमोद के संपादक गुलशन नैय्यर को ‘पत्रकारिता रत्न’ उपाधि से सम्मानित किया गया। उन्हें अभिनंदन पत्र, रुद्राक्ष माला, पटका एवं मां मनसा देवी की चुनरी भेंट की गई।

अपने संबोधन में महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि पत्रकारिता समाज और राष्ट्रहित की रक्षा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, सत्यनिष्ठ और समाज को जोड़ने वाली पत्रकारिता करने का आह्वान किया। साथ ही सोशल मीडिया पर बढ़ती भ्रामक सूचनाओं को चिंता का विषय बताया।

आईसना की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा श्रीमती शशि शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि पत्रकारिता मिशन से प्रोफेशन तक का लंबा सफर तय कर चुकी है, लेकिन वर्तमान दौर में फेक न्यूज, टीआरपी की होड़ और व्यावसायिक दबावों ने पत्रकारिता की चुनौतियों को बढ़ा दिया है। उन्होंने पत्रकारों से निर्भीक होकर सवाल पूछते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह टोनी, प्रदेश महामंत्री सोमपाल सिंह, राज्य आंदोलनकारी विवेकानंद खंडूरी सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। अंत में गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल से आए पत्रकारों को सम्मानित करते हुए हिंदी पत्रकारिता के उत्थान और पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

Leave a Comment