महर्षि दयानंद सरस्वती स्मृति सम्मान – 2024′ से सम्मानित हुए शिक्षाविद मदन लाल आर्य।
22 जुलाई 2024,
कोटद्वार। पदमपुर सुखरोआर्य गिरधारीलाल महर्षि दयानंद ट्रस्ट कोटद्वार की एक सभा ट्रस्ट के अस्थाई कार्यालय पदमपुर सुखरो में हुई । जिसमें डाइट के से.नि. प्राचार्य मदन लाल आर्य को उनकी अमूल्य सेवाओं के लिए ” महर्षि दयानंद सरस्वती स्मृति सम्मान – 2024″ से सम्मानित किया गया, सम्मान स्वरूप पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र भेंट किया गया।
ट्रस्ट के संरक्षक वयोवृद्ध चक्रधर शर्मा ‘कमलेश’ ने कहा कि श्री मदनलाल आर्य पिछले 50 वर्षों से निर्धन एवम निराश्रित बच्चों की पढ़ाई में सहयोग कर उनके जीवन को दिशा दे रहे है जो आज समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र लाल आर्य ‘सर्वोदयी’ ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में भी आर्य जी आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग के छात्रों में शिक्षा का विस्तार कर रहे हैं जिसकी पूर्ति के लिए उन्होंने अपनी धर्मपत्नी की स्मृति में स्व.रोशनी देवी आर्य चेरिटेबल ट्रस्ट शिवपुर की स्थापना की है, जिससे चौंदकोट क्षेत्र के छात्र लाभान्वित हो रहे हैं। ट्रस्ट के महासचिव एवम वरिष्ठ नागरिक संगठन कोटद्वार के अध्यक्ष कैप्टन पी एल खंतवाल सेनि.ने कहा कि श्री मदन लाल आर्य ने अपने पैतृक गांव ओड़गाव, नौगांवखाल में अपनी पत्नी की स्मृति में गांव के प्रवेश द्वार का निर्माण किया है।
सभा की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र लाल आर्य ‘सर्वोदयी पुरूष’ ने व संचालन गढ़वाल सर्वोदय मंडल के सचिव शूरवीर खेतवाल ने किया। सभा को शैलशिल्पी विकास संगठन के प्रदेश अध्यक्ष
विकास आर्य, कैप्टन पीएल खंतवाल सेनि., चक्रधर शर्मा ‘कमलेश’, आर्य समाज ध्रुवपुर के पूर्व प्रधान रणजीत सिंह, सचिदानंद शर्मा आदि ने संबोधित किया। सभा में धीरेंद्र सिंह, उमानन्द खेतवाल, कमलकिशोर आर्य, डॉ. दिवाकर बेबनी आदि मौजूद रहे।
