झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस पार्टी पर भी हमला
दबंगो के हमले में एक सिपाही घायल, मुकदमा दर्ज
किरतपुर
खेत पर काम कर रहे किसान को पड़ोसियों ने हमला कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी आरोपितों ने पथराव कर दिया जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को सुरेंद्र सिंह पुत्र मुरारी सिंह निवासी मोहल्ला अंबेडकर नगर के गैस एजेंसी के पास खेती की भूमि है। सोमवार की दोपहर बाद सुरेंद्र सिंह खेत पर कार्य कर रहे थे। बराबर के खेत में तरुण उर्फ नितिन पुत्र जंग बहादुर आदि भी खेती का कार्य कर रहे थे। किसी बात को लेकर दोनो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि तरुण ने अपने साथियों के साथ सुरेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया । हमले की सूचना पर थानाध्यक्ष तेजपाल सिंह फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे तो आरोपितों ने पुलिस पार्टी पर भी पथराव शुरू कर दिया जिसमें एक आरक्षी गौरव तेवतिया घायल हो गया। पुलिस फोर्स द्वारा लाठी फटकार करने से आरोपित भागने लगे। पुलिस ने एक आरोपित तरुण उर्फ नितिन को दबोच लिया। सुरेंद्र सिंह ने तरुण, विशाल पुत्र मुनेश, विशाल पुत्र राजाराम, मनोज पुत्र जयपाल, विक्की पुत्र राधे, पंकज उर्फ बंटी पुत्र श्यामी और मोहित पुत्र राजाराम निवासी मोहल्ला सिघड़ियान के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। क्षेत्रधिकारी नजीबाबाद देश दीपक सिंह ने बताया कि पुलिस फोर्स पर हमला करने वालो पर पुलिस द्वारा भी मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घायल सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।