न्यूज डेस्क| कोरोना काल में हजारों प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों की मदद करने वाले मशहूर एक्टर सोनू सूद(Sonu Sood) पर अब BMC ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. सोनू पर आरोप है कि उन्होंने रेजिडेंशियल बिल्डिंग को बिना परमिशन के होटल में तब्दील कर दिया है. बता दें कि लॉकडाउन के समय में सोनू सूद ने छह मंजिला इमारत को स्वास्थ कर्मचारियों की क्वारंटीन फैसिलिटी के लिए खोल दिया था.
BMC ने जुहू थाने में सोनू सूद पर आरोप लगाया है कि अभिनेता ने बिना जरूरी इजाजत के रेजिडेंशियल बिल्डिंग को होटल में बदल लिया. BMC ने पुलिस से MRTP के तहत मामला दर्ज करने को कहा है. पुलिस ने आगे जांच करने की पुष्टि की है. इस मामले को बीजेपी(BJP) नेता रामकदम ने उछाला. कदम ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार और BMC एक्ट्रेस कंगना रनौत की तरह ही सोनू सूद को जानबूझकर निशाने पर ले रही है. कदम ने BMC और मुंबई पुलिस को ट्विटर पर टैग करते हुए लिखा कि किस-किस की आवाज दबाओगे.
