बिजनौर| सास ससुर के कत्ल के मुलजिम रिज़वान की तलाश में बिजनौर पुलिस अब हरियाणा(Haryana) राज्य में लगातार छापेमारी कर रही है लेकिन कातिल अभी भी पुलिस(Police) की गिरफ्त से बहुत दूर है. इसके अलावा पुलिस मुज़फ़्फ़रनगर(Muzzafarnagar) ज़िले में भी दोहरे कत्ल के इस मुलज़िम की तलाश में खाक छान रही है.
आपको बता दें कि 16/17 जनवरी की रात ज़िला मुजफ्फरनगर निवासी रिजवान ने ज़िला बिजनौर के थाना स्योहारा इलाके में अपने सास-ससुर के घर में घुस कर उनका कत्ल कर दिया था और वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो गया था. इस दौरान मुल्ज़िम रिजवान ने अपने साढू फहीम पर भी जानलेवा हमला करते हुए उसको घायल कर दिया था , जो अब अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है. स्योहारा थाने इलाके के गांव चक महदूद सानी में हुए इस दोहरे कत्ल की वारदात से इलाके मे सनसनी फैल गई थी. क़त्ल की वजह पति और पत्नी के बीच की अनबन बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बिजनौर एसपी डॉ धर्मवीर सिंह ने मुलजिम को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया था जो अब जिला मुजफ्फरनगर के अलावा हरियाणा राज्य में भी मुलजिम की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है. बिजनौर एसपी डॉ धर्मवीर धर्मवीर सिंह ने बताया कि मुलजिम रिज़वान को तलाशने के लिए पुलिस की चार टीमों के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगाया हुआ है.
