चम्पावत| राज्य में अनेक स्थानों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोपवे का निर्माण किया जा रहा है. इसी के तहत ठुलीगाड़ से पूर्णागिरि देवी रोपवे परियोजनाओं का निर्माण पीपी मोड पर चल रहा है. यह बात आज यहां बाराही मंदिर देवीधुरा परिसर में केंद्र पोषित स्वदेश योजना हेरिटेज सर्किट के तहत 1581.00 लाख रूपये की लागत से पर्यटन सुविधाओं के विकास कार्यों का लोकार्पण करते प्रदेश के पर्यटन, सिंचाई एवं संस्कृति मंत्री श्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कही.
महाराज ने कहा कि राज्य में अनेक स्थानों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोपवे का निर्माण किया जा रहा है. जिसमें कद्दूखाल से सुरकंडा देवी एवं ठुलीगाड़ से पूर्णागिरि देवी रोपवे परियोजनाओं का निर्माण पीपी मोड पर किया जा रहा है. उन्होने कहा कि विश्व के सबसे लंबे 5 रोपवे में से एक देहरादून से मसूरी तक 300 करोड़ की रोपवे योजना पर भी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. इसके अलावा नैनीताल और दीवा का डांडा आदि कई स्थलों पर भी रोपवे प्रस्तावित हैं.
राज्य के पौराणिक क्रांतेश्वर महादेव को शिव सर्किट, नागनाथ मंदिर एवं गोरलचौड़ मैदान स्थित गोलज्यू मंदिर को नागराजा एवं गोलज्यू मंदिर और रमक के सूर्य मंदिर को नवग्रह सर्किट में शामिल किया गया है. भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत हेरिटेज सर्किट में शामिल अल्मोड़ा स्थित कटारमल में इंटरपिटेशन सेंटर, लैंडस्कैपिंग व साईट एमिनिटीज, जागेश्वर में पार्किंग, दानेश्वर इको लॉग हट्स, बागेश्वर स्थित बैजनाथ में इनको लॉग हट्स, पार्किंग, घाट डेवलपमेंट एवं यहाँ स्थित देवीधुरा में बाराही योद्धा बिल्डिंग, रूरल स्पोर्ट सेंटर और साईड डेवलपमेंट के तहत कुल 68 करोड़ 90 लाख 64 हजार के विकास कार्य किए गए हैं.
