- हत्या के अभियुक्त बेटा और बहू गिरफ्तार
- कलयुगी बेटे ने की थी बुजुर्ग मां की गला दबाकर हत्या
देहरादून| एक बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। प्राथमिक पड़ताल के बाद हत्या का आरोप महिला के बेटे और बहु पर है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
25 जनवरी 2021 को सुबह डालनवाला इंस्पेक्टर को बनारस में रहने वाले नवरत्न नाम के एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने बताया कि अंबेडकर नगर में उसकी सास सरोज देवी की मौत हो गई है। उन्हें शक है कि सरोज देवी की सामान्य मृत्यु नहीं बल्कि उनकी हत्या की गई है। आरोप था कि सरोज देवी से उनका बेटा अक्सर झगड़ा करता था। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक डालनवाला के द्वारा उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया व चौकी प्रभारी नालापानी प्रदीप सिंह रावत को मौके पर जाकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए आदेशित किया गया। पुलिस द्वारा शव के पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृतका की गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि हुई तथा स्थानीय लोगो द्वारा भी दबी जुबान से मृतका की हत्या उसके बेटे जयवीर व बहु सोनम द्वारा किये जाने का शक जताया गया। जिस पर जयवीर व उसकी पत्नी सोनम को पूछताछ हेतु चौकी नालापानी बुलाया गया। घटना के कारण स्थानीय जनता में रोष होने के कारण जयवीर व उसकी पत्नी सोनम को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी नालापानी में बैठाया गया।
मृतका की पुत्री एडवोकेट मिथिलेश द्वारा थाना डालनवाला आकर घटना के संबंध में एक तहरीर दाखिल की गयी। तहरीर के आधार पर थाना डालनवाला पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 18/2021 धारा 302 भादवि बनाम जयवीर पुत्र स्व श्री राम सिंह निवासी 102 अम्बेडकर कालोनी डीएल रोड़ देहरादून व सोनम पत्नी जयवीर निवासी 102 अम्बेडकर कालोनी डीएल रोड़ देहरादून पंजीकृत किया गया। जिसकी विवेचना प्रभारी चौकी नालापानी उप निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत के सुपुर्द की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त दम्पत्ति को चौकी नालापानी से आज गिरफ्तार किया गया। जिन्हे बाद आवश्यक कार्यवाही माननीय न्यायालय पेश किया जा रहा है।
डालनवाला थाना पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त दम्पत्ति द्वारा बताया कि उन दोनो के साथ मे उनकी माता भी डीएल रोड अम्बेडकर कालोनी में रहती थी तथा उनके साथ सम्पत्ति को लेकर आये दिन लड़ाई झगड़ा करती थी, तथा उन दोनो को सम्पत्ति से बेदखल करना चाहती थी। जिस सम्बन्ध में उनकी माता ने पत्राचार भी करना शुरू कर दिया था। इस बात को लेकर उनके बीच कई बार लड़ाई झगड़ा भी हुआ। उन दोनो ने सम्पत्ति से बेदखल होने के डर से 25 जनवरी को सुबह करीब 01:00 बजे अपनी माताजी का गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
अभियुक्त दम्पत्ति को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे सुश्री जूही मनराल पुलिस क्षेत्राधिकारी डालनवाला, मनीभूषण श्रीवास्तव प्रभारी निरीक्षक डालनवाला, वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक धारीवाल, उप निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत चौकी प्रभारी नालापानी, पुलिस कांस्टेबल उमेश कुमार, पुलिस कांस्टेबल मनोज भारती, महिल पुलिस कांस्टेबल ज्योति, महिल पुलिस कांस्टेबल तुलसी शामिल थी।
