रुड़की| रुड़की पुलिस ने गाजियाबाद(Ghaziabad) में कुख्यात चीनू पंडित(Cheenu Pandit) गैंग के शूटर(Shooter) के घर कुर्की की है। पिछले साल सलेमपुर में गैस एजेंसी(Gas Agency) के गोदाम पर फायरिग के मामले में आरोपित फरार चल रहा है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव के पास एकता गैस एजेंसी का गोदाम है। नौ सितंबर 2020 को बाइक सवार बदमाशों ने सलेमपुर गांव स्थित एकता गैस एजेंसी के गोदाम पर ताबड़तोड़ फायरिग की थी। जिसमें गैस सिलिंडर की गाड़ी लेकर आए ट्रक चालक सुरेंद्र के पांव में गोली लगने से वह घायल हो गए थे। यह फायरिग जेल में बंद चीनू पंडित ने एक मामले के गवाह को आतंकित कराने के लिए कराई थी।
पुलिस ने मामले में चीनू पंडित के भाई मोनू, मुकुत त्यागी निवासी बेहडे़की, सद्दाम उर्फ हकला निवासी कीरतपुर, बिजनौर उप्र और अनुज निवासी मंडावली को गिरफ्तार किया था। मामले में अमित राजपूत उर्फ सचिन उर्फ टुचकला राजपूत निवासी बापूधाम थाना, सेक्टर 23 जागृति विहार, गाजियाबाद, उप्र फरार चल रहा था। पुलिस ने कुछ दिन पहले आरोपित के घर कुर्की वारंट चस्पा किए थे। इसके बावजूद आरोपित ने सरेंडर नहीं किया। रविवार को मामले में गंगनहर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक देवराज शर्मा ने पुलिस टीम के साथ आरोपित अमित राजपूत के घर कुर्की कार्रवाई की।
पुलिस टीम कुर्की का सारा सामान लेकर कोतवाली रुड़की आई है। वरिष्ठ उप निरीक्षक देवराज शर्मा ने बताया कि मामले के अन्य आरोपित अभी रुड़की जेल में हैं, जबकि चीनू पंडित इस समय नई टिहरी की जेल में है। गैंगस्टर के फरार आरोपित के घर पुलिस ने कुर्की का वारंट चस्पा किया है। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने ढंडेरा निवासी खुशनूद त्यागी, आस मोहम्मद समेत चार के खिलाफ कुछ समय पहले गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस इनमें से खुशनूद त्यागी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि, गैंगस्टर के मामले में आस मोहम्मद निवासी ढंडेरा, सिविल लाइंस कोतवाली फरार चल रहा है। मामले की जांच कलियर थाना प्रभारी जगमोहन रमोला कर रहे है। विवेचक जगमोहन रमोला ने बताया कि आस मोहम्मद की गिरफ्तारी के काफी प्रयास किए गए, लेकिन आरोपित हाथ नहीं आया। पुलिस ने आस मोहम्मद के घर कुर्की की की अनुमति कोर्ट से ली। कोर्ट के आदेश पर सोमवार को पुलिस ने ढंडेरा में आस मोहम्मद के घर कुर्की वारंट चस्पा किया है।
