रुड़की| रुड़की के दहियाकी गांव में एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के छह-सात साल के दो बच्चों को गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस ने एक बच्चे का शव बरामद कर लिया है. जबकि, दूसरे बच्चे की तलाश जारी है. पुलिस ने आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने मंगलौर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मंगलौर क्षेत्र के ग्राम उल्हेड़ा निवासी एक महिला के पति की वर्ष 2019 में मौत हो गई थी. महिला के दो बच्चे हैं। महिला क्षेत्र की एक दवा कंपनी में नौकरी करती है. एक साल पहले उसकी मुलाकात सहारनपुर के लाखन से हुई. लाखन भी उसी दवा कंपनी में नौकरी करता था. प्रेम संबंध होने पर दोनों एक साथ दहियाकी में लिव इन रिलेशन में रहने लगे.
एसपी देहात ने बताया कि शनिवार की शाम महिला फैक्ट्री से वापस आई तो दोनों बच्चे घर से गायब मिले. महिला ने लाखन से बच्चों के बारे में पूछा. लेकिन वह सही जवाब नहीं दे सका. बच्चों का जब रात तक कोई पता नहीं चला तो मंगलौर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने छानबीन की तो लाखन संदेह के घेरे में आया. पुलिस को किसी ने बताया कि उन्होंने दोनों बच्चों को लाखन के साथ जाते देखा है, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस की पूछताछ में लाखन ने बताया कि वह प्रेमिका के बच्चों को पसंद नहीं करता था. उन्हें रास्ते से हटना चाहता था. इसके चलते ही शनिवार की दोपहर बच्चों को घुमाने के बहाने से उन्हें नसीरपुर पुलिया के पास ले गया. यहां से दोनों बच्चों को गंगनहर में फेंक दिया. आरोपित की बात सुनकर पुलिस भी सकते में आ गई. पुलिस ने रात को ही गंगनहर में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। देर रात एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया. जबकि दूसरे बच्चे का अभी तक पता नहीं चल पाया है. एसपी देहात ने बताया कि दूसरे बच्चे की तलाश जारी है. महिला की तहरीर पर लाखन पर मुकदमा दर्ज किया है.
