Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandदेश

गुजरात सड़क हादसे में उजड़ा सैन्य परिवार, सातों मृतकों के पार्थिव शरीर पहुंचे कोटद्वार, सैन्य सम्मान के साथ दी गई विदाई

पौड़ी गढ़वाल: गुजरात के कच्छ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कोटद्वार के सैन्य परिवार के सातों सदस्यों के पार्थिव शरीर सोमवार सुबह उनके गृह क्षेत्र पहुंचाए गए। सातों शव कौड़िया स्थित आर्मी कैंप लाए गए, जहां सैन्य अधिकारियों और परिजनों की मौजूदगी में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पार्थिव शरीरों को उनके आवास तक पहुंचाया गया।

परिवार के सात सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। घरों से अंतिम यात्रा निकलते ही माहौल बेहद भावुक हो गया। हर किसी की आंखें नम थीं। नायक राजेश सिंह रावत के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके आवास से मुक्तिधाम ले जाया गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।

हादसे में दो सैनिकों समेत सात लोगों की मौत

इस भीषण दुर्घटना में सेना के दो जवान, उनकी पत्नियां और तीन छोटे बच्चों की जान चली गई। मृतकों में महज तीन महीने की मासूम बच्ची भी शामिल थी। जानकारी के मुताबिक, परिवार बेटी के जन्मदिन के सिलसिले में गुजरात गया था। कच्छ का रण घूमने के बाद शनिवार रात सभी कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी एक ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई और सातों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

कोटद्वार में शोक की लहर

इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही कोटद्वार सहित पूरे पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र में शोक छा गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों ने इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख जताया। भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने भी घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। वहीं, हादसे में घायल लोगों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता घोषित की गई थी।

Leave a Comment