नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) का नेतृत्व अब नए चेहरे के हाथ में है। केंद्र सरकार ने पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार को UPSC का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह पद 29 अप्रैल को प्रीति सूदन के कार्यकाल समाप्त होने के बाद रिक्त हो गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी मिलने के बाद, अजय कुमार ने इस महत्वपूर्ण पद का कार्यभार संभाल लिया है।

अजय कुमार 1985 बैच के रिटायर IAS अधिकारी हैं और उन्होंने रक्षा मंत्रालय में सचिव के पद पर लंबी सेवा दी है। उन्होंने रक्षा उत्पादन विभाग में भी सचिव का कार्य किया। इसके अलावा, अजय कुमार ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के महानिदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
यूपीएससी देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षा संस्था है, जो IAS, IPS, IFS जैसे भर्ती के लिए अधिकारियों का चयन करती है। आयोग का नेतृत्व एक अध्यक्ष करता है और इसमें कुल 10 सदस्य हो सकते हैं। वर्तमान में आयोग में 2 सदस्य के पद रिक्त हैं, जिन्हें जल्द ही भरा जाना है। अजय कुमार का व्यापक प्रशासनिक अनुभव उन्हें इस पद के लिए उपयुक्त बनाता है। रक्षा मंत्रालय में उन्होंने देश की रक्षा नीति, हथियारों की खरीद और सुरक्षा मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब युवाओं में यूपीएससी के प्रति रुचि तेजी से बढ़ रही है और परीक्षा की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और कुशल बनाने की जरूरत है।
